Spread the love

हिमाचल पथ परिवहन निगम के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल के नेतृत्व में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भेंट की और उन्हें हाल ही में नई दिल्ली में राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन उत्कृष्टता पुरस्कार 2023-24 में हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा जीते गए चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में अवगत करवाया।

मुकेश अग्निहोत्री ने निगम के कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लगन और कड़ी मेहनत से निगम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारी निगम की रीढ़ हैं जो दूर-दराज़ क्षेत्रों तक दिन-रात लाखों लोगों की सेवा में समर्पित हैं। वर्तमान राज्य सरकार निगम के कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा निगम को मजबूत करने और प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

निपुण जिंदल ने उप-मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने टायर प्रदर्शन पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार जीता है। अन्य श्रेणियों में निगम ने डिजिटल ट्रांजेक्शन पुरस्कार, वाहन उपयोगिता पुरस्कार तथा कर्मचारी उत्पादकता पुरस्कार में 25-25 हजार रुपये का दूसरा पुरस्कार जीता। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर निगम को 1,25,000 रुपये की पुरस्कार राशि मिली, जो सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में निगम के उत्कृष्ट योगदान को दर्शाता है।

इस अवसर पर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *