Spread the love

स्टेट कैडर बनाए जाने पर हड़ताल पर चल रहे पटवारी कानूनगो ने आज राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ वार्ता कर बिना शर्त हड़ताल खत्म कर दी है। राजस्व मंत्री के साथ शिमला विधान सभा में हुई बैठक में मंत्री ने पटवारी कानूनगो को आश्वासन दिया कि स्टेट कैडर से किसी की भी पदोन्नति प्रभावित नहीं होगी और पुराने नियमों के मुताबिक ही पदोन्नति दी जाएगी।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि संयुक्त पटवारी कानूनगो संघ के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई है और जो कन्फ्यूजन था उसे क्लियर किया गया है। नेगी ने कहा कि जब तक स्टेट कैडर को लेकर नए आर एंडपी रुल नहीं बन जाते तब तक पुराने नियमों के मुताबिक ही प्रमोशन होंगी जिसके बाद पटवारी कानूनगो ने हड़ताल वापिस ले ली है। इसके अलावा पटवारी कानूनगो के अन्य मुद्दों को लेकर बलवान कमेटी की सिफारिशों को भी सरकार ने माना है कुछ पर विचार किया जा रहा है।

संयुक्त पटवारी कानूनगो संघ के अध्यक्ष सतीश चौधरी ने कहा कि हम सरकार के साथ खड़े हैं कुछ मामलों को लेकर उलझन थी जिसे बैठक में सुलझाने का आश्वासन मिला है। राजस्व मंत्री के आश्वासन के बाद संघ ने हड़ताल को खत्म कर काम पर लौटने का निर्णय लिया है। पटवारी कानूनगो आपदा में भी सरकार के साथ खड़े थे और अभी भी सरकार के साथ हैं। सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर मुहैया करवाने और स्टेट कैडर बनने से पदोन्नति प्रभावित न होने का आश्वासन दिया है जिसके बाद संघ ने हड़ताल को खत्म कर दिया है।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *