????????????????????????????????????
Spread the love

कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी व भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि अपनी पार्टी को धोखा देने वाले कुछ लोग आज हिमाचलियत का पाठ पढ़ा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां के लोगों की देवी-देवताओं में गहरी आस्था है। राज्य के लोग अपनी ईमानदारी और कठोर परिश्रम के लिए जाने जाते हैं। हिमाचल के लोग ईमान की ख़ातिर अपनी जान तक पर खेल जाते हैं, लेकिन कभी दग़ाबाज़ी नहीं करते और यही असली हिमाचलियत है। उन्होंने कहा कि धोखेबाज़ों को न तो हिमाचलियत का ज्ञान है और न ही यहां की संस्कृति का, क्योंकि हिमाचल प्रदेश के लोग दगाबाज़ नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ की सिद्धी के लिए बाग़ियों ने भाजपा के साथ मिलकर वर्तमान प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचा। विधानसभा चुनाव-2022 में बाग़ियों ने कांग्रेस के चुनाव निशान पर लड़ा था, लोगों ने उन्हें कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के नाते वोट दिए थे, लेकिन उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र के मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया है। पिछले एक महीने से छह बाग़ी विधायक एक जगह से दूसरी जगह जा रहे हैं और लोगों के बीच जाने से डर रहे हैं। प्रदेश की जनता उन्हें कभी माफ़ नहीं करेगी।

कांग्रेस विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से ठाकुर सुखविंदर सिंह का एक-एक दिन जनता की सेवा में गुजरा है। प्रदेश में आई ऐतिहासिक आपदा के दौरान वह प्रदेश के हर कोने में गए और लोगों का दर्द बाँटा। यही नहीं, उन्होंने अपनी जमा पूँजी से 51 लाख रुपए की धनराशि आपदा प्रभावितों के लिए दान कर पूरे देश के सामने एक मिसाल पेश की।

उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों के साथ-साथ हर उस वर्ग की आवाज़ बने, जिनके बारे में आज तक किसी ने नहीं सोचा। प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और जन सेवा के लिए दिन-रात अधिकारियों के साथ बैठकें की और अपनी सेहत की परवाह तक नहीं की। यह वर्तमान प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की कर्तव्य निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस विधायक चट्टान की तरह ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ खड़े हैं और खड़े रहेंगे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *