Spread the love

विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने बड़ा दांव खेला है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने प्रदेश की 6 विधानसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव के साथ होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।

भाजपा ने कांग्रेस के सभी बागियों को टिकट दिए हैं जिन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है। BJP ने धर्मशाला विधानसभा सीट से सुधीर शर्मा, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ से देविंद्र कुमार भुट्टों को अपना प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित बागी और तीन निर्दलीय विधायकों ने बीते शनिवार को नई दिल्ली में भाजपा का दामन थामा था। इन्हें भाजपा में शामिल करते समय केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। हालांकि, अभी निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष की ओर से मंजूर नहीं किए गए हैं। ऐसे में इनकी सीटों पर उपचुनाव के शेड्यूल पर बाद में स्थिति स्पष्ट होगी।

2022 के विधानसभा चुनाव के बाद 68 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस के पास 40, जबकि भाजपा के पास 25 विधायक थे। तीन सीटों पर निर्दलियों का कब्जा रहा। बजट सत्र के दौरान वित्त विधेयक पारित करते समय व्हिप जारी करने के बावजूद सदन में मौजूद न होने पर कांग्रेस के 6 विधायक अयोग्य घोषित किए गए थे। निर्दलियों ने भी अपने पदों से इस्तीफे दे दिए हैं। इस्तीफे मंजूर होने के बाद नौ विधायकों के कम होने के बाद विधानसभा में 59 विधायक रह जाएंगे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ