Spread the love

शिमला
हिमाचल में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अब तक प्रत्याशियों के नाम फाइनल नहीं किए हैं लेकिन प्रदेश के सियासी गलियारों में शोर है कि कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी लोकसभा से चुनाव लड़ सकते हैं। इसका इशारा खुद विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में पत्रकारों से बात करते हुए दिया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अब तक पार्टी ने प्रत्याशियों को लेकर औपचारिक ऐलान नहीं किया है लेकिन पार्टी जो आदेश करेगी वो उसे मानने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि “मैं पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता हूँ और हम आज जो भी हैं कांग्रेस पार्टी की बदौलत हैं। उन्होंने कहा कि मैंने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष से लेकर विपक्ष में रहते हुए और अब सरकार में रहकर अपनी हर जिम्मेदारी निभाई है। आलाकमान के किसी भी आदेश या किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटूंगा।

विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कंगना रनौत ये चुनाव हार जाएगी। उन्होंने कहा कि कंगना हिमाचल की हिमाचलियत का ABC भी नहीं जानती।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में वो मंडी लोकसभा क्षेत्र के इंचार्ज हैं और मंडी के लोगों के साथ उनका राजनीतिक ही नहीं भावनात्मक जुड़ाव भी है। उन्होंने अपने पिता वीरभद्र सिंह और मां प्रतिभा सिंह के मंडी लोकसभा क्षेत्र से कनेक्शन का भी जिक्र किया।

गौर हो कि हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 4 बार मंडी लोकसभा से चुनाव लड़े और तीन बार संसद पहुंचे। वो केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे। वहीं प्रतिभा सिंह मौजूदा समय में मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और इससे पहले भी वो दो बार मंडी से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंच चुकी हैं।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *