Spread the love

शिमला, हिमाचल प्रदेश की 180वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) बैठक शिमला में आयोजित

यूको बैंक के संयोजकत्व में हिमाचल प्रदेश की 180वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की बैठक शिमला में आयोजित की गई। बैठक में श्री अभिषेक जैन, आईएएस, सचिव (वित्त), हिमाचल प्रदेश सरकार; श्री प्रेम शंकर झा, मुख्य महाप्रबंधक, यूको बैंक; श्री पीताम्बर अग्रवाल, महाप्रबंधक, भारतीय रिजर्व बैंक; श्री कुशल दीप, उप महाप्रबंधक, नाबार्ड; श्री कमल शर्मा, एसएलबीसी संयोजक, यूको बैंक; तथा श्री दीपक कुमार, एसएलबीसी प्रभारी, हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न बैंकों के राज्य प्रमुखों, सरकारी विभागों, आरबीआई, नाबार्ड एवं लीड जिला प्रबंधकों ने भाग लिया।

अपने स्वागत संबोधन में श्री कमल शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बैंकों ने राज्य में 9.13 लाख से अधिक लाभार्थियों को ₹37,640 करोड़ के नवीन प्राथमिकता क्षेत्र ऋण वितरित किए तथा वार्षिक ऋण योजना (ACP) के 75 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति की।

श्री प्रेम शंकर झा ने बताया कि राज्य में प्राथमिकता क्षेत्र ऋण का स्तर कुल अग्रिमों का 60.46 प्रतिशत रहा, जो आरबीआई के 40 प्रतिशत मानक से काफी अधिक है। कृषि क्षेत्र को 17.21 प्रतिशत, लघु एवं सीमांत किसानों को 13.75 प्रतिशत, सूक्ष्म उद्यमों को 18.39 प्रतिशत तथा कमजोर वर्गों को 18.15 प्रतिशत ऋण उपलब्ध कराया गया, जो निर्धारित मानकों से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव (वित्त) श्री अभिषेक जैन ने कहा कि बैंकों ने राष्ट्रीय स्तर के सात मानकों में से पांच में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात तथा कृषि ऋण लक्ष्य को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया तथा राज्य के बैंकिंग क्षेत्र के समग्र प्रदर्शन की सराहना की।

बैठक में ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने हेतु बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) नेटवर्क की तैनाती एवं सुदृढ़ीकरण की भी समीक्षा की गई। विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण श्री दीपक कुमार, एसएलबीसी प्रभारी, हिमाचल प्रदेश द्वारा दिया गया।

बैठक का समापन हिमाचल प्रदेश में वित्तीय समावेशन को और सुदृढ़ करने, प्राथमिकता क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा राज्य के समावेशी आर्थिक विकास को गति देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *