शिमला,हिमशिखा न्यूज़।13/11/2021
पिछले कुछ दिनों में सूबे में ठंड बढ़ गई है। पूरे हिमाचल में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। प्रदेश के 6 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे आ गया है। यही नहीं, मैदानी इलाकों में तापमान पहाड़ी क्षेत्रों से भी कम है। आलम यह है कि सोलन और सुंदरनगर शिमला से ठंडे हैं। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान जहां 8.6 डिग्री दर्ज किया गया है, वहीं सुंदरनगर में 5.3 और सोलन में तापमान 5.0 डिग्री दर्ज किया गया है। हिमाचल में दीवाली के बाद से ही धूप खिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिन के समय तेज धूप लोगों को झुलसा रही है तो वहीं रात के समय कंपकंपाती सर्दी से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।नवम्बर आते ही प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। कंपकंपाती ठंड से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। हिमाचल में सर्दियां दस्तक देना शुरू कर चुकी हैं। दिन के समय धूप खिलने से मौसम सुहावना बना रहता है तो वहीं रात के समय कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई शहरों में तापमान 8.2 डिग्री से नीचे आ गया है। इसके अलावा प्रदेश के कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां पर तापमान काफी कम हो गया है।
लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस में आ गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान -3.1 डिग्री दर्ज किया गया है। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा मंडी के सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 5.3, भुंतर 5.0, सोलन 5.0, मनाली 2.2, मंडी 7.7, बिलासपुर 9.5 और ऊना मेंं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को प्रदेश के ऊना में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी शिमला में 17.8 डिग्री, सुंदरनगर 27.7, धर्मशाला 22.4, केलांग 11.8, सोलन 24.5, हमीरपुर 26 और बिलासपुर में 27.5 डिग्री दर्ज किया गया है।