Spread the love

सिरमौर : शहर के बद्रीपुर में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बद्रीपुर निवासी महिला काजल (31) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक जब महिला का पति आज दोपहर के समय बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था, उस दौरान महिला ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।जब पति वापस घर आया तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि उसकी पत्नी काजल फंदे पर लटकी हुई थी।

इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों ने उसे पंखे से नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल ले गए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत से पति की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई।

बता दें कि महिला का पति अमित लंबे समय से ब्लड कैंसर की बीमारी से जूझ रहा है। पत्नी की मृत्यु से अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और पांवटा सिविल अस्पताल से उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रमाकांत ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वही, अब तक हुई पूछताछ में यही बात सामने आई है कि काजल पति की लंबी मानसिक बीमारी के चलते अक्सर परेशान रहती थी।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ